Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना अंतर्गत हल्दीपोखर तिरिंग मुख्य सड़क पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रासुनचोपा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार हेंसडा पंचायत के बड़ा बागलता गांव निवासी 25 वर्षीय बरुन दास अपने साथी युधिष्ठिर दास (निवासी छोटा बागलता) के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से हल्दीपोखर की ओर से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे जैसे ही वे रासुनचोपा के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
एक की मौत एक गंभीर रूप से घायल
हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बरुन दास को मृत घोषित कर दिया, जबकि युधिष्ठिर दास की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहन और उसके चालक की तलाश में कोवाली पुलिस जांच में जुट गई है।