Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर में कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया है. इस मामले में मो. अयाज उर्फ फैजल, मो. अरशद और मो. अमान को गिरफ्तार किया गया है. तीनों एक सफेद रंग की I20 कार से मानगो से डिमना की ओर जा रहे थे. सूचना थी कि ये लोग ओलिडीह थाना क्षेत्र के कारोबारियों को डराने धमकाने की तैयारी में हैं. बताया जा रहा है कि गिरफ्तार मो. अयाज उर्फ फैजल पूर्व में बकरी चोरी करने के मामले में जेल जा चूका है.
गुप्त सूचना के बाद डिमना चौक पर घेराबंदी
पुलिस को गुप्त जानकारी मिली कि कुछ संदिग्ध युवक सफेद i20 कार से रंगदारी के इरादे से निकल चुके हैं. सूचना के आधार पर डिमना चौक के पास डी चौधरी कॉम्पलेक्स के नजदीक वाहन जांच शुरू की गई. इसी दौरान मानगो की ओर से आ रही संदिग्ध कार को रोके जाने का इशारा किया गया. जांच के दौरान कार सवार युवकों ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की. हालांकि पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया और कार में सवार तीनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया. इसके बाद उनकी पहचान मो. अयाज उर्फ फैजल, मो. अरशद और मो. अमान के रूप में हुई.
तलाशी में हथियार बरामद
तलाशी के क्रम में मो. अमान के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया. वहीं कार की जांच करने पर एक बेसबेट, एक फोल्डिंग चाकू, एक लोहे का रॉड और एक एप्पल कंपनी का आईफोन मिला. इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की जा रही सफेद i20 कार को भी जब्त कर लिया गया.
पूछताछ में रंगदारी की योजना का खुलासा
हिरासत में लेने के बाद सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों ने स्वीकार किया कि वे ओलिडीह थाना क्षेत्र के कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की कोशिश में थे. कारोबारियों को डराने धमकाने के लिए ही हथियार और अन्य सामान कार में छिपाकर रखा गया था.
पुलिस की कार्रवाई से कारोबारियों को राहत
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के कारोबारियों ने राहत की सांस ली है. पुलिस की तत्परता से एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई. मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और पुलिस नेटवर्क के अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है. यह मामला दिखाता है कि संगठित तरीके से रंगदारी की कोशिशें अब भी सक्रिय हैं. हालांकि समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने संभावित अपराध को रोक दिया. इस तरह की सख्ती से अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और कारोबारियों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा.