Jharkhand News: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में निलंबित IAS विनय कुमार चौबे से जुड़े ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह से एसीबी लगातार पूछताछ कर रही है. रिमांड पर हजारीबाग जेल से रांची लाए गए विनय सिंह पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं.
ACB को नहीं मिल रहा स्पष्ट जवाब
एसीबी सूत्रों के अनुसार विनय सिंह से शनिवार से पूछताछ शुरू हुई है, जो एक सप्ताह तक चलेगी. पूछताछ के दौरान एजेंसी के सवालों पर वह स्पष्ट जवाब देने से बच रहे हैं. अधिकांश सवालों पर उनका जवाब यही है कि उन्हें कुछ याद नहीं है. विनय सिंह को निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे का करीबी माना जाता है. विनय कुमार चौबे शराब घोटाले और जमीन घोटाले के मामलों में पहले से जेल में हैं. विनय सिंह पर काले धन के निवेश और मनी लॉन्ड्रिंग में सहयोग करने जैसे गंभीर आरोप हैं.
विनय सिंह का पूछताछ में सहयोग न करना जांच एजेंसी के लिए चुनौती
एसीबी इस मामले में वित्तीय लेनदेन और निवेश से जुड़े बिंदुओं पर लगातार सवाल कर रही है. एजेंसी का फोकस विनय कुमार चौबे से जुड़े कथित अवैध धन के नेटवर्क को समझने पर है. पूछताछ में सहयोग न करना जांच एजेंसी के लिए चुनौती बन सकता है. हालांकि रिमांड अवधि के दौरान एसीबी दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दबाव बढ़ा सकती है. आने वाले दिनों में पूछताछ की दिशा तय करेगी कि मामले में आगे कौन से नए कानूनी कदम उठाए जाते हैं.