Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-30

Jamshedpur News: जमशेदपुर में भाजपा ने आयोजित किए विधानसभा स्तरीय अटल स्मृति सम्मेलन, अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्रनिर्माण योगदान को किया गया नमन

Jamshedpur: भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को समर्पित करते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंगलवार को जमशेदपुर महानगर क्षेत्र के अंतर्गत पश्चिमी, जुगसलाई एवं पूर्वी विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा स्तरीय अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित किए गए। इन सम्मेलनों में अटल जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान, उनके सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा सर्वसमावेशी राजनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के स्टील हाउस में आयोजित सम्मेलन में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र राय, सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा, नंदजी प्रसाद तथा पूर्व सांसद आभा महतो प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वहीं जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के पटमदा स्थित बिडरा ग्राम संसद भवन में आयोजित सम्मेलन में सांसद विद्युत वरण महतो एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के सिदगोड़ा स्थित सोन मंडप सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. रविन्द्र राय के साथ विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद एवं अमरप्रीत सिंह काले ने अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।

सम्मेलन की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

डॉ. रविन्द्र राय ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे महान नेता थे, जो विपरीत परिस्थितियों में भी समान रूप से समर्थकों और विरोधियों के बीच सम्मानित रहे।

 उनके शालीन व्यवहार, विनम्रता और गांव-गरीब-किसानों के प्रति गहरी संवेदना ने उन्हें जन-जन का नेता बनाया। उन्होंने कहा कि अटल जी की सादगी ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति थी।
डॉ. राय ने अटल सरकार के दौरान पोखरण परमाणु परीक्षण, मजबूत विदेश नीति और स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी आधारभूत संरचना परियोजनाओं को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार आज भी भाजपा की वैचारिक चेतना का आधार हैं।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि एक समय भाजपा के भविष्य पर सवाल उठाए जाते थे, लेकिन अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व और संगठनात्मक मजबूती ने पार्टी को राष्ट्रीय राजनीति में मजबूत स्थान दिलाया। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का गठन अटल बिहारी वाजपेयी का ऐतिहासिक निर्णय था, जिसने लंबे समय से उपेक्षित जनभावनाओं को सम्मान दिया।

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी हर भारतीय के हृदय में बसने वाले राष्ट्रपुरुष थे। उन्होंने अंत्योदय की भावना को व्यवहार में उतारते हुए गरीब, किसान, गांव और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा। उनके नेतृत्व में देश ने विकास और विश्वास दोनों की नई दिशा देखी।
प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि अटल जी द्वारा स्थापित राष्ट्रवाद, सुशासन और सेवा की राजनीति आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रेरणा है। वहीं प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद ने कहा कि अटल जी अपने नाम की तरह ही विचारों और सिद्धांतों में हमेशा अटल रहे, और उनकी विरासत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुशलतापूर्वक आगे बढ़ा रहे हैं।

प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद ने कहा कि अटल सरकार द्वारा जनजातीय मामलों के मंत्रालय की स्थापना कर आदिवासी समाज के विकास को राष्ट्रीय एजेंडे में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और झारखंड जैसे राज्यों का गठन अटल जी की दूरदृष्टि का प्रमाण है।
पूर्व सांसद आभा महतो ने अटल बिहारी वाजपेयी को संघर्ष, सिद्धांत और समर्पण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति को सत्ता नहीं, बल्कि सेवा और विचार का माध्यम बनाया।

सम्मेलनों में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रमों में स्वागत भाषण, मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन संबंधित मंडल एवं जिला पदाधिकारियों द्वारा किया गया।

अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलने और राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !