Jharkhand News: आय से अधिक संपत्ति के मामले में आरोपी निलंबित IAS विनय कुमार चौबे के करीबी ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह से ACB ने बुधवार को फिर पूछताछ की. हालांकि इस दौरान उन्होंने एजेंसी के ज्यादातर सवालों का जवाब नहीं दिया. हजारीबाग जेल से रिमांड पर रांची लाए गए विनय सिंह से एसीबी लगातार पूछताछ कर रही है.
सूत्रों के अनुसार, विनय सिंह से पूछताछ शनिवार से शुरू हुई है और यह प्रक्रिया करीब एक सप्ताह तक चलने की संभावना है. वे निलंबित आईएएस विनय कुमार चौबे के सबसे करीबी माने जाते हैं और उन पर चौबे के काले धन का निवेश करने तथा मनी लॉन्ड्रिंग में सहयोग करने जैसे गंभीर आरोप हैं.
करोड़ों रुपये के लेनदेन और निवेश से जुड़े सवालों पर विनय सिंह की चुप्पी
एजेंसी के सामने चुनौती यह है कि विनय सिंह ने करोड़ों रुपये के लेनदेन और निवेश से जुड़े सवालों पर चुप्पी साध रखी है. कैश ट्रांजेक्शन और वित्तीय लेनदेन को लेकर भी उन्होंने अब तक कोई खुलासा नहीं किया है. इस वजह से जांच में एसीबी को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है.
वित्तीय नेटवर्क से जुड़े मामलों की पड़ताल में बाधा
विनय सिंह की तरफ से पूछताछ में सहयोग नहीं करना एसीबी की जांच प्रक्रिया को चुनौती देता है. उनके चुप रहने से आरोपी निलंबित आईएएस और उनके वित्तीय नेटवर्क से जुड़े मामलों की पड़ताल में बाधा आ सकती है. जांच आगे बढ़ने पर ही यह साफ होगा कि एसीबी कितनी तेजी से और प्रभावी ढंग से इस मामले के सभी पहलुओं को उजागर कर पाएगी.