Dhanbad Crime News: धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पासी धौड़ा में गुरुवार को आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया. खाने पीने को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद अचानक भड़क उठा और दो गुट आमने सामने आ गए. देखते ही देखते इलाके में मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई. इस दौरान कुल्हाड़ी के हमले में एक युवक रवि पासी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जो कुछ ही देर में हिंसा में बदल गई. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने रवि पासी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में वह बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और वह डॉक्टरों की निगरानी में है.
रवि पासी पर हमले के बाद दोनों गुटों के लोग उग्र हो गए. पासी धौड़ा का इलाका कुछ ही देर में रणक्षेत्र जैसा नजर आने लगा. दोनों ओर से जमकर ईंट पत्थर चले और कई जगहों पर तोड़फोड़ की गई. अचानक हुई हिंसा से इलाके में अफरा तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागते नजर आए.
घटना की जानकारी मिलते ही पुटकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लेने की कोशिश की. पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ दिया, जिसके बाद स्थिति धीरे धीरे सामान्य हुई. फिलहाल किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस के वरीय अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और दोषियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
घायल रवि पासी के पिता बद्री पासी ने बताया कि रवि घर के बाहर शांतिपूर्वक चाय पी रहा था, तभी अचानक कुछ लोगों ने घात लगाकर उस पर हमला कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते रवि को जान से मारने की कोशिश की गई है.