Ranchi Crime News: रांची पुलिस को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और कामयाबी मिली है. एक जनवरी को एसएसपी राकेश रंजन को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई. कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मधुकम रूगढ़ीगड़ा इलाके में छापेमारी की.
एक किलोग्राम गांजा बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब एक किलोग्राम गांजा बरामद किया. इसके साथ ही गांजा बिक्री से जुड़े 2.71 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नुतून लिण्डा उर्फ मिथुन और अमन जायसवाल के रूप में की गई है.
अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की अवैध खरीद बिक्री में संलिप्त थे. बरामद नकद राशि को गांजा की बिक्री से प्राप्त रकम बताया जा रहा है. पूरे मामले की जानकारी रांची पुलिस ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से साझा की. पुलिस ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा
रांची पुलिस की यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम मानी जा रही है. लगातार मिल रही सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई से यह संकेत मिलता है कि पुलिस मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए सक्रिय रणनीति पर काम कर रही है.