Seraikela News: सरायकेला समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा प्रस्तुत जनसमस्याओं से संबंधित आवेदनों की उपायुक्त द्वारा क्रमवार सुनवाई की आज जनता दरबार में प्रस्तुत प्रमुख प्रकरणों में मुड़कुम ग्राम पंचायत अंतर्गत निर्माणाधीन जलमीनार योजना में अनियमितता, कार्य की धीमी प्रगति एवं छूटे हुए ग्रामों को योजना से जोड़ने, जलसहिया का विगत दो वर्षों से लंबित बकाया मानदेय भुगतान, तथा गम्हरिया अंचल अंतर्गत इटागढ़ मौजा में आदित्यपुर RIT से पैदल मोड़ तक हो रहे सड़क निर्माण कार्य में सड़क दुर्घटनाओं की दृष्टिगत सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने, सड़क किनारे स्थित सरकारी भूमि का उपयोग करने एवं ग्रामीणों की भूमि के अधिग्रहण से परहेज करने से संबंधित मामले शामिल रहे.
उपायुक्त के निर्देश
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने संबंधित विभागीय, अंचल एवं नगर निकाय स्तर के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी प्रकरणों की नियमों के अनुरूप त्वरित जांच कर समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहाँ शीघ्र निरीक्षण कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए.
बाल विकास, पेयजल, सड़क सुरक्षा एवं जनसुविधा से जुड़े मामलों में प्राथमिकता
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि बाल विकास, पेयजल, सड़क सुरक्षा एवं जनसुविधा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा संबंधित पदाधिकारी प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें.