Kharsawan: सरायकेला खरसावां जिले में खरसावां शहीद दिवस की ड्यूटी से लौट रहे बुनियादी प्रशिक्षुओं के साथ सड़क हादसा हो गया. जवानों से भरी गाड़ी सीटीसी मुसाबनी वापस लौट रही थी. इसी दौरान पोटका थाना क्षेत्र के रोलीडीह गांव के पास पीछे से आ रही एक ट्रक ने जवानों की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी.
जवानों के साथ कार में सवार लोग भी घायल
हादसा इतना भीषण था कि जवानों की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. टक्कर के बाद जवानों की गाड़ी के आगे चल रही एक कार भी इसकी चपेट में आ गई. इस दुर्घटना में जवानों के साथ कार में सवार लोग भी घायल हो गए.
अचानक मुसाबनी लौटने का निर्देश
जवानों ने हादसे के लिए सीटीसी प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि सुबह से वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया था और देर रात अचानक मुसाबनी लौटने का निर्देश दिया गया. जवानों का आरोप है कि हादसे के बाद किसी भी बड़े अधिकारी ने मामले का संज्ञान नहीं लिया और न ही मौके पर किसी तरह की मदद पहुंचाई गई.
बैठे लोगों को हल्की चोटें आई
सूत्रों के अनुसार हादसे में कुछ जवानों और कार में बैठे लोगों को हल्की चोटें आई हैं. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है.
सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी
यह घटना एक बार फिर ड्यूटी पर तैनात जवानों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े करती है. समय पर वाहन उपलब्ध न कराना और रात में जबरन सफर कराना जोखिम को बढ़ाता है. हादसे के बाद अधिकारियों की चुप्पी भी व्यवस्था की गंभीरता को दर्शाती है. ऐसे मामलों में जवाबदेही तय करना और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है.