Garhwa News: गढ़वा जिले में शनिवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. भवनाथपुर-केतार मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे बने यात्री शेड के अंदर खून से लथपथ युवक का शव पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए.
स्थानीय लोगों की सूचना पर भवनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. घटनास्थल की बारीकी से छानबीन की जा रही है. पुलिस को मृतक के पास से एक पैकेट मिला है जिसमें चावल और कुछ कागजात पाए गए हैं.
मृत युवक की नहीं हो सकी पहचान
खबर लिखे जाने तक मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस शिनाख्त के प्रयास में आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है. स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों ने इस हत्या को लेकर संदेह जताया है. मुखिया का कहना है कि मृतक के पास से चावल मिलना ओझागुनी की ओर इशारा करता है. हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक के शरीर पर गोली लगने के स्पष्ट निशान हैं और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है.
शुरुआती तथ्यों में कई सवाल खड़े हो रहे
सड़क किनारे युवक का शव मिलना कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है. शुरुआती तथ्यों में कई सवाल खड़े हो रहे हैं जिन्हें जांच के जरिए ही स्पष्ट किया जा सकता है. पहचान और हत्या के कारणों का खुलासा होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.