Jamshedpur Crime Breaking: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई थी, जब अज्ञात अपराधियों ने चापड़ से हमला कर लापता बताए जा रहे युवक मोहम्मद सोहेल पर जानलेवा हमला किया था. इस घटना में अब्दुल सूफियान नामक एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर में चल रहा है.
सोहेल की निर्मम हत्या
लापता बताए जा रहे युवक मोहम्मद सोहेल का शव गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलडीह क्लब के पीछे झाड़ियों से बरामद किया गया है. शव की स्थिति बेहद भयावह बताई जा रही है. सोहेल की निर्मम तरीके से हत्या की गई है. उसका गर्दन और हाथ काट दिया गया है, जिससे हत्या की बर्बरता साफ झलकती है.
इलाके में हड़कंप
शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि घायल युवक अब्दुल सूफियान ने पुलिस के साथ मिलकर शव की तलाश में अहम भूमिका निभाई. उसी की निशानदेही पर नीलडीह क्लब के पीछे झाड़ियों में शव बरामद किया गया, जिससे मामले की जांच को नई दिशा मिली है.
जुगसलाई का रहने वाला था सोहेल
मोहम्मद सोहेल जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत खजांची मोहल्ला का निवासी बताया जा रहा है. परिजन उसे पहले से ही लापता बता रहे थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने घटनास्थल और शव मिलने वाली जगह से कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है.