Adityapur: सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार जिले में वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आदित्यपुर के आरआईटी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
बंतानगर से गिरफ्तार हुए दोनों वारंटी अभियुक्त
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में G.R. 754/20 का वारंटी अभियुक्त अनिरुद्ध चौहान उर्फ अमन उर्फ सैनिक (उम्र 25 वर्ष) और G.R. 07/25 का वारंटी अभियुक्त छोटू कालिंदी (उम्र 56 वर्ष) शामिल हैं। दोनों आरोपी आरआईटी थाना क्षेत्र के बंतानगर (बाबा आश्रम) के रहने वाले हैं और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे।
कागजी प्रक्रिया पूरी कर भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी व कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरार वारंटियों की धरपकड़ का यह विशेष छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।