Adityapur News: आदित्यपुर नगर निगम में उप महापौर पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में वार्ड संख्या 29 से पार्षद निर्वाचित अर्चना सिंह ने उप महापौर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है. उनकी उम्मीदवारी को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा भी शुरू हो गई है.
बताया जा रहा है कि वार्ड 29 से भारी मतों से जीत दर्ज करने वाली अर्चना सिंह को कई पार्षदों का समर्थन मिल रहा है. इसी समर्थन के आधार पर उनकी दावेदारी को मजबूत माना जा रहा है. राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से आने के कारण उन्हें सार्वजनिक जीवन का अनुभव भी मिला है.
अर्चना सिंह दिवंगत राजमणि देवी के परिवार से जुड़ी हैं. परिवार के लंबे राजनीतिक अनुभव का असर उनकी कार्यशैली और समझ में भी देखा जाता है. परिवार के तीन कार्यकाल के अनुभव को उनकी राजनीतिक समझ की मजबूती के रूप में देखा जा रहा है.
अर्चना सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर और जिम्मेदार नेतृत्व देना है. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें अवसर मिलता है तो वे क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर काम करेंगी.
उनकी दावेदारी सामने आने के बाद नगर निगम की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और उप महापौर पद को लेकर समीकरण भी बनने लगे हैं.