Adityapur News: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया और आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
पुलिस अधिकारियों ने सेंट्रल पब्लिक स्कूल, आदर्श शिक्षा निकेतन सहित अन्य मतदान केंद्रों पर पहुंचकर तैनात सुरक्षा बलों की तैयारियों की समीक्षा की और विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बरतने और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा.
एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को निर्देशित किया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो, इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाए.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अफवाह या असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत वरीय अधिकारियों को दी जाए, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है.