Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-13

Adityapur News: गैस किल्लत की अफवाह ने बढ़ाई बेचैनी, एजेंसियों के बाहर लगी उपभोक्ताओं की लंबी कतार

Adityapur News: सरायकेला जिले के आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्रों में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडरों को लेकर उपभोक्ताओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल है. गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है. हालांकि, गैस एजेंसी संचालकों ने स्पष्ट किया है कि बाजार में गैस की कोई कमी नहीं है, बल्कि यह स्थिति केवल अफवाहों के कारण उत्पन्न हुई है.

ईरान-इजराइल तनाव और युद्ध का डर
स्थानीय लोगों के बीच यह भ्रांति फैल गई है कि ईरान और इजराइल के बीच जारी वैश्विक तनाव के कारण आने वाले समय में भारत में गैस की आपूर्ति ठप हो सकती है. इसी डर के चलते लोग समय से पहले और जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक कर रहे हैं. केशरी गैस एजेंसी के प्रोपराइटर अश्वनी केसरी ने बताया कि गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और लोग युद्ध की झूठी अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें.

बिना बुकिंग और ओटीपी के नहीं मिलेगा सिलेंडर
एजेंसियों ने स्पष्ट कर दिया है कि वर्तमान भीड़ को देखते हुए केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया जा रहा है, जिन्होंने पहले से बुकिंग कराई है. इसके अलावा, डिलीवरी के समय उपभोक्ताओं को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त छह अंकों का ऑथेंटिकेशन कोड (OTP) दिखाना अनिवार्य होगा. जिन लोगों की बुकिंग कन्फर्म है, उन्हें गोदाम और होम डिलीवरी के जरिए गैस की निरंतर आपूर्ति की जा रही है.

घंटों इंतजार करने को मजबूर उपभोक्ता
कतार में खड़े उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग में देरी और सर्वर की समस्याओं के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. वहीं, प्रबंधकों का तर्क है कि बुकिंग की संख्या अचानक कई गुना बढ़ जाने के कारण डिलीवरी सिस्टम पर दबाव पड़ा है, जिससे आपूर्ति में थोड़ा समय लग रहा है. एजेंसियों ने लोगों से धैर्य रखने और अनावश्यक घबराहट में बुकिंग न करने की अपील की है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !