Adityapur News: आदित्यपुर के भटिया बस्ती स्थित आनंद विहार सोसाइटी, रोड नंबर-9 में जुस्को पावर के बिजली तार निजी मकानों के ऊपर से गुजर रहे हैं। इस कारण स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे लोगों की जान-माल को खतरा बना हुआ है।
कई शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है की इस समस्या को लेकर जुस्को पावर के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभाग ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
एक साल बाद भी बरकरार है खतरा
स्थानीय निवासियों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले बिजली पोल को दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया था, लेकिन तारों को यथावत छोड़ दिया गया। इससे समस्या का समाधान नहीं हो सका और खतरा पहले की तरह बना हुआ है।
निर्माण कार्य के बीच बढ़ा खतरा, घरों के ऊपर से गुजर रहे तार बने चिंता का कारण
सोसाइटी में कई मकानों का निर्माण कार्य जारी है। ऐसे में घरों के ऊपर से गुजर रहे बिजली तार निर्माण कार्य में बाधा बन रहे हैं और मजदूरों व स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यह स्थिति दुर्घटना को खुला निमंत्रण दे रही है।
लोगों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी टाटा जुस्को पावर प्रबंधन की होगी। उन्होंने प्रशासन और जुस्को प्रबंधन से जल्द से जल्द बिजली तारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।