Adityapur News: आगामी त्योहारों को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को आदित्यपुर थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. अंचलाधिकारी (सीओ) सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में रामनवमी और ईद के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बैठक में जानकारी साझा की गई कि ईद का त्योहार 21 मार्च को मनाया जाएगा, जिसके तहत मुस्लिम बस्ती में सुबह 8:45 बजे नमाज अदा की जाएगी. वहीं, रामनवमी का मुख्य पर्व 27 मार्च को होगा और विसर्जन जुलूस 28 मार्च को निकाला जाएगा. प्रशासन ने सभी अखाड़ा समितियों से आग्रह किया है कि वे शाम 4 बजे तक जुलूस निकालें और रात्रि 10 बजे तक इसे अनिवार्य रूप से संपन्न करें. समय सीमा का पालन सुनिश्चित करने के लिए समितियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं.
नागरिक सुविधाओं और सुरक्षा पर जोर
विभिन्न अखाड़ा समितियों ने बैठक के दौरान सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी अपनी मांगें रखीं. क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और समय पर कचरा उठाव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. समितियों ने स्वयंसेवकों (वोलेंटियर्स) के साथ-साथ संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की. बैठक में गणेश चौधरी के सुझाव पर यह सहमति बनी कि लाल बिल्डिंग चौक से 50 मीटर दूर सेवा शिविर लगाए जाएंगे और यातायात सुचारू रखने के लिए मुख्य सड़क के बजाय पार्किंग क्षेत्र का उपयोग किया जाएगा.