Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-06

Bihar Crime News: पटना में प्रेमिका के भाई को गोली मारने के बाद तीसरी मंजिल से गिरकर प्रेमी की मौत

Bihar: बिहार की राजधानी पटना के राजीव नगर इलाके में रविवार शाम कथित प्रेम प्रसंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते एक खूनी घटनाक्रम में बदल गया। शादी के लिए कथित प्रेमिका पर दबाव बनाने पहुंचे एक युवक ने युवती के भाई को गोली मार दी। इसके बाद हुई धक्का-मुक्की के दौरान युवक तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोतिहारी निवासी 25 वर्षीय प्रियेश रंजन के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रियेश और युवती के बीच कथित प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती की सरकारी नौकरी लगने के बाद उसने प्रियेश से बातचीत करना बंद कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर प्रियेश रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे पिस्टल लेकर युवती के किराए के मकान पर पहुंच गया और शादी करने का दबाव बनाने लगा।

प्रेमिका के भाई को मारी गोली
घर में प्रियेश की युवती के भाई से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि प्रियेश ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली युवती के भाई की बांह में लगी, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति नियंत्रण में है।

धक्का-मुक्की के दौरान तीसरी मंजिल से गिरा प्रेमी 
फायरिंग के बाद छत पर मौजूद लोगों और प्रियेश के बीच हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान प्रियेश तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि युवक धक्का-मुक्की के दौरान खुद गिरा या किसी ने उसे नीचे धक्का दिया।

घटनास्थल से पिस्टल और कारतूस बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। बरामद सबूतों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सभी पहलुओं की हो रही जांच- सिटी एसपी
सिटी एसपी (सेंट्रल) ममता कल्याणी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई प्रतीत होती है। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में नीचे गिरा, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद और घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। घायल युवक की मां का आरोप है कि प्रियेश पिछले कई महीनों से उनकी बेटी पर शादी करने का दबाव बना रहा था और रविवार को वह अचानक जबरन घर में घुस आया। फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !