Bihar News: पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के राणाबीघा गांव में डायन बिसाही के आरोप में एक महिला और उसके परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ दबंगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पूरे परिवार को बेरहमी से पीटा, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।
टोना-टोटका के आरोप में भड़की हिंसा
घटना के पीछे पड़ोस में रहने वाली एक महिला की कुछ दिन पहले बीमारी से हुई मौत को कारण बताया जा रहा है। मृतका के पति मनोरंजन सिंह ने मधु देवी पर टोना-टोटका कर पत्नी की मौत का आरोप लगाया, जिसके बाद यह हिंसक वारदात हुई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमला सुनियोजित तरीके से किया गया।
मंदिर से लौटते समय महिला पर हमला, बचाने आए परिजनों की भी बेरहमी से पिटाई
घटना के वक्त मधु देवी मंदिर से पूजा कर घर लौट रही थीं, तभी नागो सिंह, गणेश सिंह समेत कुछ लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बेटी गुड़िया, पति मिथिलेश सिंह और दामाद को भी बेरहमी से पीटा गया। सभी को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जमीन कब्जे और धमकी का पुराना विवाद भी आया सामने
पीड़िता मधु देवी ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने पहले भी उनकी जमीन पर कब्जा किया था और अक्सर मारपीट व धमकी देते थे। इस मामले में बाढ़ थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।