Bihar Mews: बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक पर शुक्रवार को हथियारबंद अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी की दुकान पर धावा बोल दिया। दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे व्यवसायी से अपराधियों ने दुकान की चाबी मांगी। विरोध करने पर उन्होंने व्यवसायी दिनेश शाह (निवासी कर्रख गांव) के पैर में गोली मार दी। इसके बाद दहशत फैलाने के लिए अपराधियों ने कई राउंड हवाई फायरिंग की और बोलेरो से फरार हो गए। गोलीबारी के दौरान आसपास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पैर में गोली लगने से घायल व्यवसायी सदर अस्पताल रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घायल व्यवसायी को पहले विभूतिपुर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर संतोष झा ने बताया कि घायल के पैर में गोली लगी है और प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भेजा गया।
बोलेरो से पहुंचे सात हथियारबंद बदमाश
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और घायल के रिश्तेदार उमेश साह ने बताया कि सात की संख्या में हथियारबंद अपराधी बोलेरो से आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वर्ण व्यवसायी लगातार अपराधियों के निशाने पर हैं और टैक्स देने के बावजूद खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने वारिसनगर में स्वर्ण व्यवसायी की हत्या का मामला उठाते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और व्यवसायियों की सुरक्षा की मांग की।
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लूट के प्रयास का मामला सामने आया है। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घायल व्यवसायी से पूछताछ की जा रही है। विभूतिपुर थाना पुलिस को अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल छापेमारी का निर्देश दिया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।