Bihar News : मोहर्रम के अवसर पर ताजिया जुलूस के दौरान समस्तीपुर जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र के नागर बस्ती गांव में हिंसक झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। दो घायल पुलिसकर्मियों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिसकर्मी जान बचाने के लिए लोगों से मदद की गुहार लगाते रहे।
मोहर्रम को लेकर प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की थी, लेकिन इसके बावजूद यह घटना हो गई। सदर अस्पताल में भर्ती एक घायल पुलिसकर्मी ने बताया कि ताजिया जुलूस के दौरान विवाद बढ़ने के बाद हिंसा भड़क गई, जिसमें कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हुए।
हालांकि, इस मामले में किसी भी पुलिस अधिकारी ने आधिकारिक रूप से कैमरे पर या फोन पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
इसी बीच जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भुट्टा चौक गांव में भी ताजिया जुलूस के दौरान हुई हिंसक झड़प में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वहीं रहीमपुर-रुदौली गांव में भी झड़प की सूचना है, जिसमें कई लोगों के घायल होने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी घटनाओं की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।