Bokaro: जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिटी थाना, सेक्टर-4 थाना और सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती व्यवस्था का जायजा लिया तथा पुलिसिंग की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने देर रात आवागमन कर रहे वाहनों की सघन जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। अभियान के दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों की भी जांच की गई।
नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस की नजर
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने कई स्थानों पर जांच अभियान चलाकर वाहन चालकों की जांच की और नियमों का पालन करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गश्ती दलों को लगातार पेट्रोलिंग करने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कई पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान नगर पुलिस उपाधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, रात्रि गश्ती और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।