Bokaro News: बोकारो के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर में एक महिला से सोने की चेन छीनने की कोशिश उस वक्त नाकाम हो गई, जब भागने के दौरान बाइक सवार आरोपी सड़क पर गिर पड़ा। घटना रात की बताई जा रही है। महिला अपने पति प्रवीण कुमार के साथ बाजार से घर लौट रही थी, तभी युवक ने उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार होने की कोशिश की।
तेज रफ्तार बनी मुसीबत, गिरते ही लोगों ने दबोचा
चेन छीनने के बाद आरोपी तेज गति से भाग रहा था, लेकिन कुछ ही दूरी पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। आरोपी के गिरते ही दंपति ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
भीड़ ने की पिटाई, पुलिस ने पहुंचकर बचाई जान
स्थानीय लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-4 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से महिला की छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश गिरोह से जुड़े तार, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस फिलहाल आरोपी की पहचान और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से जुड़े गिरोह के सदस्य बोकारो पहुंचकर इस तरह की चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क को डिकोड करने में जुटी है। मामले में पीड़िता के पति प्रवीण कुमार ने सेक्टर-4 थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।