Bokaro News : बोकारो के हरला थाना क्षेत्र स्थित बारवाघाट में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। दामोदर नदी में नहाने गए मिड पॉइंट पब्लिक स्कूल के दो छात्र नदी में डूब गए। इनमें छात्र विष्णु का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे छात्र सन्नी की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार एलएच आजाद नगर के तीन छात्र, सन्नी, विष्णु और रवी सुबह करीब 11 बजे स्कूटी से बारवाघाट पहुंचे थे। घर से वे ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर निकले थे, लेकिन बाद में नदी में नहाने चले गए।
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा, तलाश के दौरान हंगामा और हाथापाई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाने के दौरान विष्णु और सन्नी गहरे पानी में चले गए और तेज धार में बहने लगे। दोनों को डूबता देख तीसरे छात्र रवि ने शोर मचाया। इसके बाद स्थानीय लोग और गोताखोर मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। विष्णु को निकालकर बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सन्नी की तलाश के दौरान स्थानीय लोगों ने नदी में नहा रहे कुछ युवकों को रोका, जिस पर विवाद हो गया और हाथापाई की स्थिति बन गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन जमा हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। परिजनों का आरोप है कि अगर समय पर पुलिस और गोताखोर पहुंचते, तो छात्र की जान बचाई जा सकती थी।
हादसों का अड्डा बनता जा रहा बारवाघाट
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारवाघाट में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। दामोदर नदी में डूबने से कई बच्चों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही स्थायी रूप से गोताखोरों की तैनाती की गई है। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है।