Bokaro News : जिले की चास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। मालती लक्सजरिया सिटी के एन-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर 101 में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
फर्जी बैंक अधिकारी बनकर करते थे ठगी, APK फाइल से खाते करते थे खाली
छापेमारी चास थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के नेतृत्व में की गई, जिसमें साइबर थाना की टीम भी शामिल रही। फ्लैट के अंदर चारों आरोपी मोबाइल और लैपटॉप के जरिए ठगी करते हुए पकड़े गए। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे और KYC अपडेट, ATM ब्लॉक या लोन के नाम पर फर्जी APK फाइल इंस्टॉल करवाते थे। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल और स्क्रीन शेयरिंग के जरिए बैंक डिटेल, OTP और अन्य संवेदनशील जानकारी हासिल कर खातों से पैसे उड़ा लेते थे।
जामताड़ा कनेक्शन आया सामने, 16 मोबाइल और लैपटॉप बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले 3-4 महीनों से इस फ्लैट में रहकर साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे। सभी गिरफ्तार आरोपी जामताड़ा जिले के निवासी हैं, जो साइबर अपराध के लिए कुख्यात माना जाता है।
छापेमारी के दौरान 16 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और कई मोबाइल नंबरों से भरी डायरी बरामद की गई है। इस मामले में चास थाना कांड संख्या 36/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच में जुटी है।