CBI Raids In Nanded: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी NEET के कथित पेपर लीक मामले में अब जांच का दायरा महाराष्ट्र के नांदेड़ तक पहुंच गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की विशेष टीम ने शनिवार को नांदेड़ के विद्युत नगर इलाके में रहने वाले अश्विनी भाऊराव कदम के फ्लैट पर तड़के छापा मारा। करीब आठ घंटे तक चली इस कार्रवाई में अधिकारियों ने कई दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और अन्य अहम सबूतों की जांच की। जांच एजेंसी को शक है कि परिवार ने अपनी बेटी के लिए लीक प्रश्नपत्र हासिल करने के बदले करीब 5 लाख रुपये का भुगतान किया था।
मॉक टेस्ट में कम नंबर, NEET में बड़ा उछाल
सीबीआई की जांच उस वक्त और गहरी हो गई जब छात्रा के पुराने शैक्षणिक रिकॉर्ड सामने आए। सूत्रों के अनुसार, छात्रा कोचिंग संस्थान के मॉक टेस्ट में लगातार 100 से 120 अंकों के बीच ही स्कोर कर रही थी, लेकिन NEET के फाइनल रिजल्ट में उसके अंक अचानक बढ़कर करीब 560 पहुंच गए। इतने कम समय में प्रदर्शन में आए इस बड़े बदलाव ने जांच एजेंसियों को संदेह में डाल दिया और पेपर लीक रैकेट के तार खंगालने शुरू हुए।
लातूर कनेक्शन से खुलीं नई परतें
जांच में नांदेड़ का सुराग लातूर के एक नामी कोचिंग संस्थान से जुड़े ड्राइवर से पूछताछ के बाद मिला। इसके बाद सीबीआई टीम सीधे नांदेड़ पहुंची और कार्रवाई तेज कर दी। रविवार को जांच एजेंसी की दूसरी टीम ने नांदेड़ के ही शुभम खैरनार नामक आरोपी के कार्यालय और आवास पर छापा मारा। यहां परिवार के सदस्यों से घंटों पूछताछ की गई। अधिकारियों को शक है कि इस परिवार ने भी पेपर खरीदने के लिए मोटी रकम का लेन-देन किया था।
देशभर में हड़कंप, रैकेट की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश
NEET पेपर लीक के आरोपों के बाद पूरे देश में भारी विवाद खड़ा हो गया है। सीबीआई अब इस मामले में वित्तीय लेन-देन, कोचिंग संस्थानों के नेटवर्क और अंतरराज्यीय बिचौलियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है। एजेंसी का लक्ष्य इस पूरे रैकेट की जड़ों तक पहुंचकर इसमें शामिल सभी लोगों को बेनकाब करना है।