Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को व्यापक अभियान चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर सदर और मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में एक साथ कार्रवाई की, जिससे खुलेआम शराब पीने वालों में अफरा-तफरी मच गई। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बस स्टैंड, मंगलहाट, मधु बाजार, जेवियर नगर, एसपीजी मिशन परिसर, मुगलसराय, गुटुसाईं और खप्पारसाई समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई को देखकर कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि कई लोगों को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया।
14 लोगों को हिरासत में लिया गया
कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और उनके खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। सदर थाना प्रभारी हरिलाल महतो ने बताया कि सार्वजनिक जगहों पर शराब पीना कानून का उल्लंघन है और ऐसे मामलों पर पुलिस लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशे से जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का मानना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन की घटनाओं पर रोक लगने से अपराध और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है। साथ ही कहा है कि यदि कहीं खुलेआम शराब सेवन या अन्य अवैध गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।