Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड में वन विभाग ने अवैध जंगल कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 पीस साल लकड़ी के बोटे जब्त किए हैं। जब्त लकड़ियों की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी
वन विभाग को सूचना मिली थी कि गोइलकेरा प्रखंड के कोतरोगढ़ा गांव में पिछले कुछ दिनों से अवैध रूप से जंगलों की कटाई कर साल की लकड़ियों का भंडारण किया जा रहा है और उन्हें तस्करी के लिए तैयार किया गया है। सूचना मिलते ही आनंदपुर वन प्रक्षेत्र के अधिकारियों ने विशेष टीम गठित कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लगभग 50 पीस साल लकड़ी बरामद कर जब्त कर ली गई। इसके बाद सभी लकड़ियों को सुरक्षित आनंदपुर रेंज कार्यालय पहुंचाया गया।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटा वन विभाग
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और जंगलों की अवैध कटाई किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सघन अभियान जारी रहेगा।