Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंझारी थाना क्षेत्र के बामेहुटुब गांव में कच्चे मिट्टी के घर की दीवार ढहने से मलबे में दबकर 34 वर्षीय दिव्यांग युवती सुखमती बानरा की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब सात बजे सुखमती बानरा घर के बाहर दीवार के पास बैठकर दातून कर रही थीं। इसी दौरान लगातार बारिश से कमजोर हो चुकी कच्ची मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बहन ने मलबे से निकाला, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
दीवार गिरने की आवाज सुनकर सुखमती की छोटी बहन मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता कुशनू बानरा ने बताया कि सुखमती उनकी पांच बेटियों में सबसे बड़ी थीं और बचपन से ही दोनों पैरों से दिव्यांग थीं। उन्हें सरकार की ओर से हर महीने एक हजार रुपये पेंशन मिलती थी। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी पूरी तरह भीग गई थी, जिससे दीवार कमजोर होकर ढह गई।