Chakulia News: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में सोमवार देर रात हाथियों के हमले में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बड़ामारा गांव के पास चाकुलिया-केरूकोचा मुख्य सड़क पर हुई। घायल की पहचान बहरागोड़ा प्रखंड के धाधिका गांव निवासी नीलकंठ नायक (45) के रूप में हुई है, जो पेशे से सब्जी विक्रेता हैं।
सब्जी बेचकर लौट रहे नीलकंठ का हाथियों के झुंड से हुआ सामना
बताया गया कि नीलकंठ नायक सोमवार को चाकुलिया के जोड़ाम हाट में सब्जी बेचने के बाद देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ामारा गांव के समीप सड़क पर उनका सामना हाथियों के झुंड से हो गया। अचानक हाथियों को देखकर उन्होंने बाइक छोड़ दी और जान बचाने के लिए भागने लगे।
खेत में घेरकर हाथी ने किया हमला, गंभीर हालत में झाड़ग्राम रेफर
भागने के दौरान एक हाथी ने उनका पीछा किया और पास के खेत में घेर लिया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई। हमले के दौरान एक हाथी ने उनके सीने पर पैर भी रख दिया। घायल अवस्था में उन्हें चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पहुंचे विधायक, घायल को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। विधायक समीर मोहंती को जानकारी दी गई, जिसके बाद वे स्वयं मौके पर पहुंचे और अपने वाहन से घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और घायल का हालचाल लिया।
सात हाथियों के आतंक से दहशत में ग्रामीण, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ग्रामीणों के अनुसार बड़ामारा गांव के आसपास सात हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों की आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल है और रात के समय आवागमन करना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उनका आरोप है कि चाकुलिया वन क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे हाथियों के आतंक को रोकने में वन विभाग विफल साबित हो रहा है।