Chandil: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकडू प्रखंड अंतर्गत पलाशडीह गांव में अवैध बालू परिवहन एक महिला की जान पर भारी पड़ गया। बुधवार देर रात अवैध बालू लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने गांव की निवासी आमोति महतो (50), पति स्वर्गीय निबारण महतो, को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
गांव में शोक के साथ भारी आक्रोश
महिला की मौत के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं ग्रामीणों में अवैध बालू परिवहन को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू ढुलाई का कारोबार चल रहा है, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे तीन ट्रैक्टर मृतका के घर के सामने पहुंचे थे। इनमें से दो ट्रैक्टरों ने बालू गिराया, जबकि एक ट्रैक्टर बालू लेकर वापस लौट गया। ग्रामीणों ने इस पूरी गतिविधि को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस को दी गई सूचना, जांच की मांग
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। ग्रामीणों ने अवैध बालू परिवहन पर तत्काल रोक लगाने, फरार ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।