Chatra: पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के ग्राम इचाहर स्थित वन क्षेत्र में भारी मात्रा में डोडा का भंडारण किया गया है और उसे पिकअप वाहन के माध्यम से बाहर भेजने की तैयारी चल रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
वन क्षेत्र में छापेमारी, एक आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इचाहर वन क्षेत्र में छापा मारा। इस दौरान चार लोग डोडा के भंडारण स्थल के पास निगरानी करते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की निशानदेही पर भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वन क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में डोडा और पोस्ता दाना बरामद किया। पुलिस ने कुल 361.52 किलोग्राम डोडा, 23.820 किलोग्राम डोडा एवं पोस्ता दाना मिश्रण तथा 25.290 किलोग्राम पोस्ता दाना जब्त किया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में लावालौंग थाना में, दिनांक 24 मई 2026 के तहत धारा 15(सी) और 18(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कैलाश गंझु, निवासी ग्राम इचाहर, थाना लावालौंग, जिला चतरा के रूप में हुई है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागरगोजे शुभम भाउसाहब, प्रभारी थाना प्रभारी विधायक प्रसाद यादव, पु.अ.नि. वाजिद अली तथा लावालौंग थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।