Chatra News: चतरा के कोयलांचल इलाके में मंगलवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. टंडवा-पिपरवार सीमा के पास हुई इस कार्रवाई में राहुल दुबे गिरोह से जुड़े बताए जा रहे विकास कुमार के पैर में गोली लगी. पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया.
अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस के अनुसार, घायल विकास कुमार को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने मुठभेड़ की पुष्टि की है.
घेराबंदी के दौरान शुरू हुई फायरिंग
एसपी के मुताबिक, टंडवा और पिपरवार थाना की संयुक्त टीम अपराधियों की तलाश में अभियान चला रही थी. टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य सीमावर्ती इलाके में छिपे हैं.
सूचना के बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की. पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इसी दौरान विकास कुमार के पैर में गोली लगी. पुलिस के मुताबिक, उसके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए.
सुशी इंफ्रा कार्यालय में हुई थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले चंद्रगुप्त कोल परियोजना स्थित सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय में फायरिंग हुई थी.
बताया गया कि बाइक से पहुंचे चार नकाबपोश अपराधियों ने कार्यालय में करीब 20 राउंड गोलियां चलाई थीं. इस घटना में ड्यूटी पर तैनात एक निजी सुरक्षा गार्ड घायल हुआ था.
मौके पर एक हस्तलिखित पर्चा भी मिला था, जिसके जरिए गिरोह ने घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. इसी घटना के बाद पुलिस राहुल दुबे गिरोह से जुड़े लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी.
फरार अपराधियों की तलाश जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में आसपास के इलाकों में जांच कर रही है. एसपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल का जायजा लेने पहुंच रहे हैं. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.