`Chatra News : जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के विधायक मोहल्ला में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान नैयना प्रवीण के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार नैयना की शादी करीब एक माह पहले विधायक मोहल्ला निवासी गुलजार से हुई थी। परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। इसके कुछ देर बाद नैयना अपने कमरे में चली गई।
कमरे का दरवाजा खोलते ही सामने आया दर्दनाक दृश्य
परिजनों के मुताबिक काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर उन्हें शक हुआ। दरवाजा खोलकर देखा गया तो नैयना का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
प्रतापपुर थाना पुलिस ने मामले में मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।