Chatra News : जिले में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पिपरवार इलाके में हुए भीषण मुठभेड़ में चार कुख्यात नक्सली मारे गए हैं, जिनमें 15 लाख का इनामी माओवादी सबजोनल कमांडर सहदेव महतो भी शामिल है। यह मुठभेड़ चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर सुरक्षाबलों के सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई।
गुप्त सूचना पर चला सर्च ऑपरेशन, माओवादी दस्ते से सीधी भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, प्रतिबंधित भाकपा माओवादी के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिलने के बाद झारखंड पुलिस और कोबरा बटालियन के जवानों ने संयुक्त अभियान चलाया। इसी दौरान पिपरवार और हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में नक्सलियों से आमना-सामना हो गया, जो बाद में भीषण मुठभेड़ में बदल गया।
AK-47 समेत भारी हथियार बरामद, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया है। घटनास्थल से चार नक्सलियों के शव के साथ AK-47 राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अन्य नक्सलियों की तलाश में अभियान जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई नक्सलियों के नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।