दो थाना क्षेत्रों में चला सघन अभियान
पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई ने अफीम माफियाओं की कमर तोड़ दी है। अभियान का विवरण इस प्रकार है, लावालौंग थाना क्षेत्र, यहाँ सबसे व्यापक कार्रवाई हुई। पुलिस ने लावासोकर, मधनिया, तेदाखोरा, बरामुडवा, बुलबुल होशिर और इचाक जैसे दुर्गम गांवों में धावा बोलकर करीब 110 एकड़ में लगी अफीम को नष्ट किया। कुंदा थाना क्षेत्र, यहाँ पुलिस की टीम ने बैलगडा और मरगाडा गांवों के जंगलों में मोर्चा संभाला और करीब 6 एकड़ क्षेत्र में फैली अवैध खेती को पूरी तरह मिटा दिया।
माफियाओं की पहचान शुरू, सख्त कार्रवाई की तैयारी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह केवल फसल नष्ट करने तक सीमित नहीं रहेगा। पुलिस अब उन सफेदपोशों और खेती करने वालों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने वन भूमि का अतिक्रमण कर इस अवैध धंधे को बढ़ावा दिया। संलिप्त लोगों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
जनता से पुलिस की अपील
एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने आम नागरिकों से इस अवैध धंधे से दूर रहने का आह्वान किया है। पुलिस ने संदेश जारी करते हुए कहा है कि अफीम की खेती न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह समाज के भविष्य को भी खोखला कर रही है। ग्रामीण ऐसी किसी भी गतिविधि की गुप्त सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके और जिले को नशामुक्त बनाया जा सके।