Current News : सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई “कॉकरोच जनता पार्टी” के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें अपने किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक पहुंच नहीं मिल रही है।
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि पहले उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को हैक करने की कोशिश की गई और अब इंस्टाग्राम अकाउंट पर नियंत्रण खत्म हो गया है। इससे पहले पार्टी का एक्स अकाउंट भारत में विथहेल्ड यानी ब्लॉक कर दिया गया था।
तेजी से वायरल हुई थी कॉकरोच जनता पार्टी
“कॉकरोच जनता पार्टी” पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई है। यह प्लेटफॉर्म राजनीतिक व्यंग्य, मीम्स और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा में आया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स की संख्या बहुत तेजी से बढ़ी और इसने कई बड़े राजनीतिक दलों के सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी पीछे छोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि पार्टी की लोकप्रियता बढ़ने के बाद उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई और तकनीकी दिक्कतों की खबरें सामने आने लगीं। अभिजीत दीपके ने इसे “क्रैकडाउन” करार दिया है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, कई लोगों ने जताई प्रतिक्रिया
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर सेंसरशिप, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और डिजिटल सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है। कई सोशल मीडिया यूजर्स और सार्वजनिक हस्तियों ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। कॉमेडियन वीर दास ने भी अकाउंट बंद किए जाने को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए इसे गलत कदम बताया।