Current News : आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को E20 पेट्रोल के विरोध में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला। हालांकि, पुलिस ने फिरोज शाह रोड पर ही मार्च को रोक दिया, जिसके बाद अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और अन्य नेता सड़क पर धरने पर बैठ गए।
धरने के दौरान केजरीवाल ने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में भारत में इथेनॉल मिश्रित (E20) पेट्रोल को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसका सीधा असर आम वाहन मालिकों पर पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की मांग करते हुए कहा कि सरकार आम लोगों पर जबरन E20 पेट्रोल थोपना बंद करे।
प्रशासन ने स्वीकार की 2.30 लाख हस्ताक्षरों वाली याचिका, जवाब का इंतजार
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि वह E20 पेट्रोल के विरोध में 2.30 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षरों वाली याचिका प्रधानमंत्री को सौंपने पहुंचे थे। धरने के बाद प्रशासन ने याचिका स्वीकार कर ली, जिसके बाद AAP नेताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि E20 पेट्रोल के विरोध में जुटाए गए 2.30 लाख से अधिक हस्ताक्षर प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचा दिए गए हैं। पार्टी ने कहा कि अब वह इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया और सरकार के जवाब का इंतजार करेगी।