Dhanbad News: करीब 2.64 करोड़ रुपये के कोयला गबन और धोखाधड़ी के मामले में बैंक मोड़ पुलिस ने कारोबारी अजीत कुमार उर्फ अजीत कुमार पटेल को गिरफ्तार किया है। मटकुरिया, कतरास रोड निवासी आरोपी को शनिवार को धनबाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
यह मामला बासुदेवा फ्यूल्स एंड लाइम कंपनी के प्रतिनिधि अब्दुल वाहिद अंसारी की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। शिकायत के आधार पर 12 जुलाई 2025 को बैंक मोड़ थाने में ठगी, धोखाधड़ी और रकम गबन करने के आरोप में केस दर्ज किया गया था।
एक महीने की उधारी पर लिया था कोयला
प्राथमिकी के अनुसार, अक्टूबर 2022 में अजीत कुमार कंपनी के रतनजी रोड स्थित कार्यालय पहुंचा था। उसने कंपनी के साझेदार प्रकाश अग्रवाल और अनिल अग्रवाल को बताया था कि वह कोयले का कारोबार करता है और विभिन्न कंपनियों को कोयला सप्लाई करता है।
आरोप है कि उसने कंपनी से एक महीने की उधारी पर कोयला उपलब्ध कराने का आग्रह किया। कारोबारी की बात पर भरोसा करते हुए कंपनी ने अलग-अलग तारीखों में कुल 2 करोड़ 64 लाख 49 हजार 964 रुपये का कोयला उपलब्ध कराया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी अजीत कुमार ने कोयले की रकम का भुगतान नहीं किया।
फर्जी कंपनियों के नाम पर कोयला उठाने का आरोप
मामले में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, जिन कंपनियों के नाम पर कोयला लिया गया, उनमें से कई कंपनियां कथित तौर पर अस्तित्व में नहीं थीं। आरोप है कि फर्जी कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर कंपनी से कोयला उठाया गया और उसकी राशि का भुगतान नहीं किया गया।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। मामले के अनुसंधानकर्ता श्रीनिवास राव ने वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 11 अगस्त 2026 को अदालत से अजीत कुमार के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया।
वारंट के बाद पुलिस ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी वारंट मिलने के बाद बैंक मोड़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।