Dhanbad: धनबाद के मैथन डैम में नहाने के दौरान एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित धधका लाल बंगला निवासी रमेश कुमार के 15 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। वह डीएवी पब्लिक स्कूल, आसनसोल में कक्षा 10 का छात्र था। बुधवार देर शाम काफी खोजबीन के बाद उसका शव जलाशय से बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार प्रिंस बुधवार सुबह अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था। उसने परिजनों को स्कूल जाने की बात कही थी, लेकिन वह अपने साथियों के साथ एक ऑटो बुक कर मैथन पहुंच गया। सभी छात्र पश्चिम बंगाल क्षेत्र के थर्ड डाइक फायरिंग रेंज के पास स्थित घाट पर पहुंचे, जहां उन्होंने जलाशय में स्नान करने का फैसला किया।
नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया
दोपहर के समय सभी दोस्त डैम में उतरकर नहा रहे थे। इसी दौरान प्रिंस अचानक गहराई वाले हिस्से में पहुंच गया और पानी में डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे उसे बाहर निकालने में सफल नहीं हो सके। कुछ ही देर में वह पानी में लापता हो गया। घटना के बाद साथी छात्र बुरी तरह घबरा गए। डर और घबराहट के कारण उन्होंने किसी को इसकी सूचना नहीं दी और चुपचाप आसनसोल लौट गए। बताया जाता है कि घटना से जुड़े सबूत छिपाने के उद्देश्य से प्रिंस का स्कूल बैग भी पास के जंगल में फेंक दिया गया था।
परिजनों की शिकायत के बाद खुला मामला
जब देर शाम तक प्रिंस घर नहीं पहुंचा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने स्कूल में संपर्क किया, जहां पता चला कि वह और उसके साथी उस दिन स्कूल पहुंचे ही नहीं थे। इसके बाद परिवार ने आसनसोल नॉर्थ थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी जानकारी जुटाने के साथ उसके दोस्तों से पूछताछ की। इसी दौरान पूरी घटना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही आसनसोल पुलिस ने कल्याणेश्वरी पुलिस से संपर्क किया। दोनों पुलिस टीमों ने स्थानीय नाविकों और गोताखोरों की मदद से मैथन डैम में तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान जंगल से छात्र का स्कूल बैग भी बरामद कर लिया गया।
शाम को मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
कई घंटों की खोजबीन के बाद बुधवार देर शाम प्रिंस का शव जलाशय से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही मौके पर मौजूद परिजन बदहवास हो गए। परिवार के लोगों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। एक होनहार छात्र की असमय मौत से परिजनों के साथ-साथ पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस मामले की आगे की प्रक्रिया पूरी कर रही है।