Dhanbad News : बोकारो रेंज के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा सोमवार को धनबाद पहुंचे। समाहरणालय में उन्होंने एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की जांच और बेहतर पुलिसिंग को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक से पहले एसएसपी प्रभात कुमार ने आईजी का स्वागत किया। समीक्षा के दौरान आईजी ने अधिकारियों को अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और पुलिसिंग को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
कुख्यात प्रिंस खान मामले पर बोले- कानून के अनुसार होगी कार्रवाई
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में आईजी ने कुख्यात प्रिंस खान की ओर से धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी को कथित धमकी दिए जाने के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रिंस खान के खिलाफ पहले से कार्रवाई चल रही है और आगे भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आईजी ने कहा कि कोई भी अपराधी कानून से ऊपर नहीं है और पुलिस किसी भी आपराधिक गतिविधि को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने बताया कि वह मुख्यालय के निर्देश पर एक मामले की जांच के सिलसिले में धनबाद आए हैं।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण पूरी पुलिस टीम की जिम्मेदारी है और सभी अधिकारी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। संगठित अपराध और अपराधियों के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।