Dhanbad News : जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कनकनी पासी पट्टी में रविवार देर रात फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने पासी पट्टी निवासी रवि मिर्धा के घर को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। हालांकि इस घटना में परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए और कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार रवि मिर्धा झरिया की एक आउटसोर्सिंग कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत हैं। रविवार देर रात जब वे अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे, तभी बदमाशों ने घर की लोहे की खिड़की से सटाकर गोली चला दी। गोली खिड़की को भेदते हुए सीधे घर के अंदर रखी अलमारी में जा लगी। इससे अलमारी का शीशा टूट गया और बाद में गोली अलमारी के अंदर फंसी हुई मिली।
गोली की आवाज से जागे परिजन, इलाके में फैली दहशत
गोली चलने की तेज आवाज सुनकर रवि मिर्धा और उनके परिवार की नींद खुल गई। जब उन्होंने घर के अंदर खिड़की और अलमारी पर गोली के निशान देखे तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और बदमाश की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।
मौके से बरामद हुई गोली, पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलने पर लोयाबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर के अंदर से गोली बरामद कर ली है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
लोयाबाद थाना प्रभारी पिकु प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना आपसी विवाद से जुड़ी प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।