Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-27

Dumka News: दुमका के स्कूल में छात्रा से मारपीट का आरोप, हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

Dumka: जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बनकीठा में पढ़ाई के दौरान एक छात्रा के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा छह की छात्रा अनु मुर्मू से शिक्षक द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब नहीं देने पर उसके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के अनुसार, अनु मुर्मू पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थी। तबीयत ठीक नहीं होने के बावजूद वह नियमित पढ़ाई के लिए विद्यालय पहुंची थी। इसी दौरान कक्षा में पढ़ाई के समय प्रधानाध्यापक रणधीर मल्लाह ने उससे एक प्रश्न पूछा। जवाब नहीं दे पाने पर उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के कुछ ही देर बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई और वह अर्धचेतन अवस्था में पहुंच गई।

अस्पताल में छात्रा ने लगाए गंभीर आरोप
इलाज के दौरान छात्रा ने बताया कि प्रधानाध्यापक ने उसे छड़ी से पीटा था, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे तथा मामले को लेकर नाराजगी जताई। दूसरी ओर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रणधीर मल्लाह ने छात्रा के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि छात्रा पहले से ही अस्वस्थ थी और उसकी तबीयत खराब होने का कारण मारपीट नहीं है। उन्होंने छड़ी से पिटाई किए जाने की बात से भी इनकार किया है।

शिक्षा विभाग ने मांगी जांच रिपोर्ट
मामले की सूचना मिलने के बाद जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार हेम्ब्रम ने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि शिक्षक की लापरवाही या मारपीट की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !