Dumka: दुमका नगर थाना क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह चौक के पास स्थित सदर आरक्षी निरीक्षक कार्यालय के पिछले बरामदे से बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ स्थानीय लोगों की नजर वहां पड़े दो शवों पर पड़ी। पास जाकर देखने पर लोगों के होश उड़ गए एक महिला और एक छोटी बच्ची खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर कर जांच शुरू कर दी।
मां-बेटी होने की आशंका, हत्या की संभावना
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की उम्र लगभग 6 वर्ष बताई जा रही है, जबकि महिला की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास आंकी गई है। दोनों के शव जिस हालत में मिले, उसे देखते हुए स्थानीय लोगों और पुलिस को प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका है।
शवों के आसपास खून के निशान पाए गए हैं, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।
पिछले कुछ दिनों से इलाके में भटक रही थी महिला
मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के दौरान कई स्थानीय निवासियों ने बताया कि महिला पिछले कुछ दिनों से आसपास के इलाके में भटकती हुई दिखाई देती थी। उसके साथ एक छोटी बच्ची भी रहती थी, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों मां-बेटी थीं।
कुछ लोगों ने यह भी बताया कि कभी-कभी एक दिव्यांग व्यक्ति भी उनके साथ नजर आता था। हालांकि उस व्यक्ति की पहचान और उसका ठिकाना अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पहचान अब भी बनी पहेली, पुलिस जांच में जुटी
अब तक महिला और बच्ची की पहचान नहीं हो सकी है। वे कहां से आई थीं और किस परिस्थिति में यहां रह रही थीं, इस बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और इलाके के लोगों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।