Dumka: दुमका जिले के मसानजोर स्थित सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में एक चिकित्सक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह कमरे से उनका शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मसानजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू करते हुए मामले की जांच अपने हाथ में ले ली।
दोस्तों के साथ पहुंचे थे मसानजोर
मृतक की पहचान रांची के बरियातू निवासी डॉ. शशि दिनकर मिंज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार को अपने तीन मित्रों सुनील कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह और नीरज कुमार के साथ मसानजोर पहुंचे थे। सभी लोग सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन के कमरा नंबर-1 और 2 में ठहरे हुए थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रात में सभी मित्र एक साथ बैठे थे। इसके बाद वे अपने-अपने कमरों में चले गए।
हजारीबाग सदर अस्पताल में थे पदस्थापित
शनिवार सुबह जब उनके साथी उन्हें बुलाने पहुंचे तो कमरे में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. शशि दिनकर मिंज वर्तमान में हजारीबाग सदर अस्पताल में चिकित्सक के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी भी डॉक्टर हैं और जमशेदपुर में सेवाएं दे रही हैं। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।