Dumri Bihar Train Accident: बोकारो के गोमिया क्षेत्र अंतर्गत धनबाद रेल मंडल (ECR) के डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। यार्ड लाइन नंबर 7 पर एक कोयला लदी मालगाड़ी के चार वैगन अचानक पटरी से उतर गए। यह घटना उस समय हुई जब मालगाड़ी अपनी निर्धारित गति से आगे बढ़ रही थी।
MTPS जा रही कोयला लदी ट्रेन हादसे का शिकार
मालगाड़ी कोयला लोडिंग पॉइंट से मेजिया थर्मल पावर स्टेशन (MTPS), पश्चिम बंगाल के जा रही थी। जानकारी के मुताबिक ट्रेन डुमरी बिहार स्टेशन से सुबह 7:26 बजे खुली और मात्र तीन मिनट बाद 7:29 बजे चार वैगन बेपटरी हो गए। हादसे में बोगी नंबर 7 और 8 तथा पोल संख्या DMBR/1117 और लाइन नंबर 7 क्षतिग्रस्त हो गई।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य किया
घटना के बाद पोल DMBR/1117 भी अपनी जगह से उखड़कर वैगनों के ऊपर जा गिरा। मौके पर स्टेशन प्रबंधक पीपी टोप्पो और ट्रैफिक इंस्पेक्टर अवधेश कुमार राम पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और ट्रैक की मरम्मत में जुट गए। साथ ही धनबाद रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई।
रेल परिचालन प्रभावित, जांच के आदेश जारी
इस घटना से इस रूट पर रेल परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया या उनके मार्ग में बदलाव की संभावना जताई गई है। रेलवे द्वारा हादसे की जांच के लिए टीम गठित की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि तकनीकी खराबी या ट्रैक की किसी कमी के कारण यह दुर्घटना हुई। फिलहाल रेल यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है।