Gamharia: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया ब्लॉक के पास स्थित कंपोजिट वाइन शॉप में एक बार फिर मारपीट और हंगामे की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, शराब खरीदने के दौरान किसी बात को लेकर ग्राहकों और दुकान कर्मियों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
दुकान कर्मियों पर हमला, एक का सिर फटा
मिली जानकारी के मुताबिक, दुकान के कर्मचारी अजय कुमार यादव और रोहित सिंह पर कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों कर्मियों की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आई है और उसे इलाज के लिए भेजा गया।
दुकान में की गई तोड़फोड़
घटना के दौरान उपद्रवियों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ भी की। दुकान में रखा फ्रिज पटककर तोड़ दिया गया, जिससे उसमें रखी शराब की कई बोतलें टूट गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उत्पाद विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी आरआईटी क्षेत्र के एक कंपोजिट वाइन शॉप का वीडियो सामने आया था, जिसमें ग्राहकों और स्टाफ के बीच मारपीट दिखाई दी थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद उत्पाद विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में उत्पाद विभाग की व्यवस्था लचर हो चुकी है।
ग्राहकों ने लगाए कई आरोप
वहीं दूसरी ओर, ग्राहकों की ओर से वाइन शॉप संचालकों और कर्मचारियों पर प्रिंट रेट से अधिक कीमत वसूलने, शराब में मिलावट और अभद्र व्यवहार करने जैसे आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मारपीट, तोड़फोड़ और अन्य आरोपों के सभी पहलुओं पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।