Gardening Tips In Summer: गर्मी का मौसम शुरू होते ही घर की बालकनी, छत या गार्डन में लगे पौधों की देखभाल थोड़ी मुश्किल हो जाती है. तापमान जब 40 से 45 डिग्री के करीब पहुंच जाता है, तो मिट्टी जल्दी सूखने लगती है और पौधों की पत्तियां मुरझाने लगती हैं.
हालांकि सही गार्डनिंग आदतें अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है. पौधों को सही मात्रा में पानी देना, मिट्टी को ठंडा रखना और धूप से बचाना जैसे छोटे-छोटे उपाय उन्हें गर्मी में भी स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं. अगर आप भी अपने पौधों को भीषण गर्मी से बचाना चाहते हैं, तो इन जरूरी टिप्स को अपनाना फायदेमंद हो सकता है.
सुबह या शाम को ही दें पानी
तेज धूप के समय पौधों को पानी देने से पानी जल्दी सूख जाता है और जड़ों तक पर्याप्त नमी नहीं पहुंच पाती. इसलिए कोशिश करें कि पौधों को सुबह जल्दी या फिर शाम के समय पानी दें.इससे मिट्टी ज्यादा देर तक नम रहती है और पौधे गर्मी को बेहतर तरीके से सहन कर पाते है.
मिट्टी को ठंडा रखने के उपाय करें
गर्मियों में मिट्टी का तापमान बढ़ने से पौधों की जड़ों पर असर पड़ता है. ऐसे में मिट्टी के ऊपर सूखी पत्तियां, भूसा या नारियल का छिलका रखने से नमी बनी रहती है और मिट्टी जल्दी गर्म नहीं होती.यह तरीका खासतौर पर गमलों में लगे पौधों के लिए काफी असरदार माना जाता है.
पौधों को आंशिक छाया दें
हर पौधा तेज धूप को सहन नहीं कर पाता. इसलिए बहुत ज्यादा गर्मी होने पर पौधों को ऐसी जगह रखें जहां उन्हें हल्की छाया मिल सके.ग्रीन नेट, शेड या बालकनी की दीवार की आड़ भी पौधों को तेज धूप से बचाने में मदद करती है.
गमलों की सही व्यवस्था रखें
कई बार धूप में गमले बहुत ज्यादा गर्म हो जाते हैं, जिससे जड़ों को नुकसान हो सकता है. इसलिए गमलों को सीधे गर्म फर्श पर रखने की बजाय लकड़ी या स्टैंड पर रखना बेहतर होता है.इसके अलावा मिट्टी के गमले प्लास्टिक के गमलों की तुलना में कम गर्म होते हैं, इसलिए गर्मियों में ये ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकते है.
समय-समय पर पौधों की सफाई करें
गर्मियों में पौधों पर धूल और सूखी पत्तियां जमा हो सकती हैं. इससे पौधों की ग्रोथ प्रभावित होती है.ऐसे में सूखी पत्तियों को हटाते रहें और कभी-कभी हल्का पानी स्प्रे करके पत्तियों को साफ करना भी फायदेमंद रहता है.
जैविक खाद का इस्तेमाल करें
पौधों को मजबूत बनाए रखने के लिए मिट्टी में पोषक तत्व होना जरूरी है. इसके लिए वर्मी कम्पोस्ट, गोबर की खाद या किचन वेस्ट से बनी जैविक खाद का इस्तेमाल किया जा सकता है.इससे पौधों की जड़ें मजबूत होती हैं और वे गर्मी के असर को बेहतर तरीके से झेल पाते है.
भीषण गर्मी में पौधों को स्वस्थ बनाए रखना मुश्किल जरूर लगता है, लेकिन सही देखभाल और थोड़ी सावधानी से यह काम आसान हो सकता है. अगर आप समय पर पानी देते है,मिट्टी की नमी बनाए रखते हैं और पौधों को तेज धूप से बचाते हैं, तो गर्मियों में भी आपके पौधे हरे-भरे बने रह सकते है.घर में लगे पौधे न केवल वातावरण को खूबसूरत बनाते हैं बल्कि गर्मियों में ठंडक और ताजगी का एहसास भी देते है.