Giridih News: गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मपुर पंचायत के पाराखारो गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बालेश्वर राणा के पुत्र श्रीकांत के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेत के पास तड़पता मिला युवक का शव
जानकारी के अनुसार श्रीकांत घर से करीब 500 मीटर दूर आम बगान के पास गंभीर हालत में पड़ा मिला। गांव की दो महिलाएं जब पशु चराने गईं तो उन्होंने उसे जमीन पर तड़पते और कराहते देखा। बताया जा रहा है कि श्रीकांत ने खुद कहा कि दो अज्ञात लोगों ने उसे जबरन टैबलेट खिला दी, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
अस्पताल ले जाते वक्त बिगड़ी हालत, सदर अस्पताल में मौत
सूचना मिलते ही धर्मपुर मुखिया के पुत्र सुशील कुमार हाजरा उसे तुरंत जमुआ अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए गिरिडीह रेफर कर दिया, लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या की आशंका, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।