Giridih News: गिरिडीह जिला जनसंपर्क कार्यालय में हुई चोरी की गुत्थी को गिरिडीह पुलिस ने सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए इनवर्टर, दो एसएफ सोनिक बैटरियां और एक सैमसंग एलईडी टीवी बरामद किए गए हैं. मामले का खुलासा गुरुवार को नगर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने किया.
शिकायत के बाद बनी विशेष टीम, तकनीकी जांच से मिली सफलता
डीएसपी ने बताया कि 27 जुलाई 2026 को जिला जनसंपर्क कार्यालय में कार्यरत अनुसेवक सह प्रभारी इंक्वायरी लिपिक राजेश पासवान ने कार्यालय से इनवर्टर, दो एसएफ सोनिक बैटरी और एलईडी टीवी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी. इसके आधार पर नगर थाना कांड संख्या 158/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की.
दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के न्यू चुड़ी मोहल्ला निवासी महताब अंसारी उर्फ बल्लू और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिमरियाटांड़ बुढ़ियाबाद निवासी मो. वारिस को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर दो एसएफ सोनिक बैटरियां, एक माइक्रोटेक इनवर्टर और एक सैमसंग एलईडी टीवी बरामद कर लिया गया.
एक अन्य आरोपी की तलाश, आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि इस चोरी कांड में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही गिरफ्तार दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
पुलिस ने कहा कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है. छापेमारी दल में सह थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक गुलाम गौस हुस्सामी, अमित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अरविंद पाठक, विपुल केरकेट्टा तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.